सूरजपुर: नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘‘नवजीवन’’ के अंतर्गत जिलेभर के गांव, पंचायत भवनों, स्कूल-कालेजों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों में व्यापक स्तर पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान 69 हजार 218 ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर कलेक्टर  रेना जमील एवं डीआईजी व एसएसपी  प्रशांत कुमार ठाकुर ने भी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व लोगों को नशे से बचाव को लेकर शपथ दिलाई और नशे से दूरी बनाए रखने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सूरजपुर  रेना जमील ने कहा कि डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर के निर्देशन में एक ही दिन में जिले के सभी ग्रामों, स्कूलों, कालेजों में नशे से बचाव को लेकर शपथ का महाअभियान नवजीवन का आयोजन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। नशे की लत न केवल शारीरिक और मानसिक क्षति पहुंचाती है, बल्कि इससे आर्थिक, पारिवारिक और सामाजिक समस्याएं भी बढ़ती हैं। कलेक्टर ने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर  प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी व जवानों के द्वारा जिलेभर में 509 स्थानों जिनमें पंचायत भवन, स्कूल-कालेज सहित विभिन्न स्थल शामील है उन सभी जगहों पर 69,218 ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई है। डीआईजी व एसएसपी ने कहा कि नशे के विरुद्ध नवजीवन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने का महाअभियान है। उन्होंने कहा यदि इस अभियान के माध्यम से हम कुछ लोगों को भी नशे की लत से बचाने में सफल हो जाते हैं, तो हमारा यह प्रयास सार्थक और सफल साबित होगा। उन्होंने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

थाना कोतवाली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने स्कूली बच्चों को नशे से बचाव के लिए नशे को ना, जिंदगी को हा करने की शपथ दिलाई। जिले समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी व पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नशे से बचाव की शपथ दिलाई और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उपस्थित लोगों को बताया कि नशा व्यक्ति को धीरे-धीरे कमजोर करता है और उसके जीवन की दिशा बदल देता है। इसलिए समय रहते इससे दूरी बनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे।

शपथ आयोजन के मामले में थाना प्रतापपुर रहा अव्वल

डीआईजी/एसएसपी ने बताया कि नशे से बचाव के इस महाअभियान में थाना प्रतापपुर के द्वारा 59 स्थानों पर शपथ कार्यक्रम का आयोजन कर प्रथम स्थान हासिल की वहीं थाना झिलमिली द्वारा 58 शपथ कार्यक्रम करा द्वितीय तथा थाना भटगांव 48 शपथ कार्यक्रम कराते हुए तृतीय स्थान पर रहे।

नवजीवन अभियान के तहत निरतंर होंगे ऐसे आयोजन

डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने बताया गया कि नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जनसंवाद, जागरूकता कार्यक्रम, चलित थाना, पुलिस जन चौपाल, रैली एवं शपथ समारोह आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि नशे के विरुद्ध इस महाअभियान में सहभागी बनें तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी सहित अधिवक्ताओं ने भी ली शपथ

मंगलवार को नवजीवन महाअभियान में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष बलराम शर्मा सहित कई अधिवक्ताओं ने नशे से दूरी बनाने की शपथ ली और पुलिस के इस पहल में हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!