

बलरामपुर/राजपुर।बलरामपुर जिले के राजपुर डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2025, छत्तीसगढ़ जोन खेल महाकुंभ में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पतरातु के कक्षा-10वीं के अभीरथ सिंहदेव ने कमाल का प्रदर्शन किया। अंडर-17, बालक वर्ग के अंतर्गत डिसकस थ्रो में अभीरथ ने हासिल किया सिल्वर मेडल। अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अपना जौहर दिखाते नज़र आएँगे।
छत्तीसगढ़ डीएवी. विद्यालयों के क्षेत्रीय अधिकारी प्रशांत कुमार के मार्गदर्शन व प्रेरणा तले राज्य स्तरीय खेलों के इस महाकुंभ में लगभग 95 डीएवी स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लेकर खेल व लक्ष्य के प्रति अपने जुनून, उत्साह, संकल्प, धैर्य, अनुशासन, क्षमता एवं ऊर्जा का ब-ख़ूबी प्रदर्शन किया। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु से अंडर-17, बालक- बालिका वर्ग से अभीरथ सिंहदेव, अक्षत कुमार शर्मा और शिवानी तिर्की ने क्रमशः डिसकस थ्रो, शॉटपुट थ्रो और 200 मीटर रेस में हिस्सा लिया था। जिसमें अभीरथ सिंहदेव ने डिसकस थ्रो में सिल्वर मेडल के साथ अपनी जीत का पताका लहराया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। अभीरथ ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता, प्राचार्य, शिक्षकगण तथा ख़ास तौर पर अपने खेल शिक्षक जितेंद्र कुमार को दिया, जिनके कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में अभीरथ ने अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी है। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने आगे की चुनौतियों से जीतने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि जीवन चुनौतियों का सफ़र है। अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार व कर्मठ बने रहने से ही हमारी जीत पक्की होती है।






















