जशपुर:  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुटरी में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हाथ-मुक्के और लात से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि ग्राम घुटरी निवासी 46 वर्षीय दुबेश्वरी बाई की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। महिला अपने घर में मृत अवस्था में मिली। जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के गले और सिर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद हत्या की आशंका को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर लगी अंदरूनी और बाहरी चोटों के कारण मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के पति जगेश्वर राम (48 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन शराब नहीं मिलने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसने पत्नी से सब्जी बनाने के लिए कहा, लेकिन पत्नी के मना करने पर वह आवेश में आ गया और उसके साथ हाथ-मुक्के व लात से मारपीट कर दी। मारपीट के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!