

अंबिकापुर: महिला अपराधों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सरगुजा पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया है। शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म और गर्भपात कराने के आरोपी फिरोज अहमद सिद्दीकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 3 अक्टूबर 2024 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि उसकी जान-पहचान फिरोज अहमद से 2018 में नौकरी की तैयारी के दौरान हुई थी। 23 दिसंबर 2018 को आरोपी ने उसे अपने घर ले जाकर शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद भी फिरोज ने कई बार पीड़िता से शादी का वादा कर दुष्कर्म किया, जिसमें अंतिम घटना 13 जुलाई 2024 की है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात कराया और अब वह शादी करने से इंकार कर रहा है।पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 680/24 के तहत धारा 64(2)(एम), 88, 296 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी फिरोज अहमद (35 वर्ष) को अम्बिकापुर स्थित उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार किया। उसके खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।






















