
नई दिल्ली: परिसीमन बिल को लेकर सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने बिल के समर्थन में दो-तिहाई बहुमत का इंतजाम भी कर लिया है। मोदी कैबिनेट से हरी झंडी मिलने के बाद संशोधित परिसीमन बिल को लोकसभा में पेश करने का रास्ता साफ हो गया है। बिल की प्रतियां संसद सदस्यों को वितरित कर दी गई हैं और सांसदों से इसे विस्तार से पढ़ने को कहा गया है।
सांसदों को निर्देश दिया गया है कि बिल को लेकर उनके मन में कोई सवाल या आपत्ति हो, तो वे उसे तैयार रखें। संसद में चर्चा के दौरान सरकार सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है।
30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा बिल
लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को बुलाया गया है। इसी सत्र में संशोधित परिसीमन बिल पेश किए जाने की संभावना है। नए प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। हालांकि, कुल लोकसभा सीटों की अधिकतम सीमा 850 निर्धारित की गई है।प्रस्ताव के अनुसार, सीटों की नई संख्या अगले 25 वर्षों तक स्थिर रखी जाएगी। इसी तरह राज्यों की विधानसभाओं में भी सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रावधान है। विधानसभा सीटों की अधिकतम संख्या 650 तय की गई है।सरकार के प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। इससे राज्यों के मौजूदा सीट अनुपात में किसी तरह के नुकसान की आशंका नहीं होगी।
महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक भी अहम माना जा रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने और संबंधित विधेयकों के पारित होने के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू किए जाने का रास्ता खुल सकता है।नई व्यवस्था के तहत लोकसभा में महिलाओं के लिए करीब 272 सीटें आरक्षित होने का अनुमान है। महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के कारण इस प्रक्रिया को आगामी चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीओके को लेकर भी प्रस्ताव में जिक्र
संशोधित बिल में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) का भी उल्लेख किया गया है। प्रस्ताव के मुताबिक, यदि पीओके भारत में शामिल होता है, तो चुनाव आयोग परिसीमन आयोग की तरह भूमिका निभाते हुए वहां चुनावी क्षेत्रों का नक्शा निर्धारित करेगा।परिसीमन बिल के पारित होने के बाद लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में बदलाव के साथ देश की चुनावी व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन होने की संभावना है।










