कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रही स्कूली बच्चों से भरी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस में पीछे से घुसा ट्रक

जानकारी के मुताबिक, हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर पर हुआ। स्कूल की बस आगरा से करीब 50 बच्चों और छह शिक्षकों को लेकर पिकनिक के लिए कौशांबी गई थी। मंगलवार सुबह सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बच्चों को बाथरूम कराने के लिए बस एक्सप्रेसवे के किनारे रोकी गई थी। तभी पीछे से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।

चार बच्चों की मौत, घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस के जरिए तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चार बच्चों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल स्कूल प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चे को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर करने की बात कही गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे आगरा से लखनऊ की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। कौशांबी से बच्चों और स्कूल स्टाफ को लेकर लौट रही बस एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।एसपी ने बताया कि चार बच्चों की मौत हो चुकी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को कानपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि अन्य घायल बच्चों का इलाज तिर्वा मेडिकल कॉलेज में जारी है।हादसे में सुरक्षित बचे बच्चों और स्कूल स्टाफ को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके घर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!