अंबिकापुर: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरगुजा पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाकर लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4 चालकों सहित कुल 63 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं, ट्रिपल राइडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी चालान काटे गए।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली, गांधीनगर, मणीपुर और यातायात शाखा की संयुक्त टीमों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान ड्रंक एंड ड्राइव, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती

अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 4 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

चार थाना क्षेत्रों में हुई चालानी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान थाना कोतवाली में 10 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने और मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के मामले शामिल रहे।थाना गांधीनगर में 8 प्रकरणों में 3,700 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं थाना मणीपुर में बिना सीट बेल्ट, दस्तावेजों की कमी और ट्रिपल राइडिंग सहित 10 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई।इसी तरह यातायात शाखा ने 35 प्रकरणों में 14,900 रुपये का समन शुल्क वसूला। इनमें बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 14, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने के 8, बिना हेलमेट के 5 और ट्रिपल राइडिंग के 3 मामले शामिल हैं। इसके अलावा मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने, दस्तावेज नहीं रखने और बिना वर्दी वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। सरगुजा पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने जैसी लापरवाही से बचें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!