पटना: बिहार के नीतीश सेतु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पोस्टर फाड़ने तथा हंगामा करने के मामले में वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में 11 लोगों को नामजद करते हुए 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन किया था। इस पुल को नीतीश सेतु नाम दिया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम समाप्त होने और प्रधानमंत्री के वहां से रवाना होने के बाद पुल पर कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पोस्टर फाड़े गए थे।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया। इसके बाद वैशाली पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की। राघोपुर प्रखंड से जुड़े वीडियो के आधार पर रुस्तमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार, प्रमोद कुमार और गौतम कुमार के रूप में हुई है। तीनों बालिग बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई कर रही है।

पोस्टर फाड़ने के दौरान लगे तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे

बताया जा रहा है कि नीतीश सेतु का एक हिस्सा राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से भी जुड़ता है, जो नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है। आरोप है कि प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम से रवाना होने के बाद कुछ राजद समर्थकों ने पुल पर लगे पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए। इस दौरान तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए।घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए थे। बाद में यही वीडियो पुलिस की कार्रवाई का आधार बने।

पुल के नामकरण को लेकर पहले से जारी है सियासत

नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर बिहार में पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी जारी है। राजद नेता तेजस्वी यादव लगातार इस पुल का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर करने की मांग उठाते रहे हैं। उनका आरोप रहा है कि पुल के निर्माण में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं है।वहीं, राजद इस पुल के निर्माण को अपनी सरकार की उपलब्धि बताती रही है। ऐसे में उद्घाटन के बाद पोस्टर फाड़ने और हंगामे की घटना ने बिहार की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!