
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का निधन हो गया है। उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उन्हें सीने में तेज दर्द और तकलीफ की शिकायत हुई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों और धनगर समाज में शोक की लहर दौड़ गई है।
आठ महीने पहले BJP ने भेजा था राज्यसभा
रामराव वडकुते को करीब आठ महीने पहले ही बीजेपी ने राज्यसभा के लिए चुना था। महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी पहचान एक अनुभवी, मुखर और साफ-सुथरी छवि वाले नेता के रूप में थी। वह धनगर समाज के प्रमुख नेताओं में शामिल थे और सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही थी।वडकुते शेळी-मेंढी महासंघ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के साथ की थी। वह महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे।
NCP छोड़कर BJP में हुए थे शामिल
अक्टूबर 2019 में रामराव वडकुते ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं। वर्ष 2021 में उन्हें हिंगोली बीजेपी का जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा उन्होंने हिंगोली लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रमुख और प्रभारी के तौर पर भी काम किया।
पार्टी संगठन और धनगर समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। उनके निधन को महाराष्ट्र की राजनीति और धनगर समुदाय के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।











