अम्बिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 4.640 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड चठिरमा निवासी रिपन बाला अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर के पीछे स्थित बाड़ी में गांजा छिपाकर रखता है और कागज व प्लास्टिक की पुड़िया बनाकर 50 और 100 रुपये में उसकी बिक्री करता है।सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान संदेही रिपन बाला (53 वर्ष), पिता स्व. महानंद बाला और उसकी पत्नी को पकड़ा गया। पुलिस ने घर के पीछे बाड़ी के पास छिपाकर रखे सफेद प्लास्टिक के झोले की तलाशी ली, जिसमें से कुल 4.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 750/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक शिव कुमार कुर्रे, आनंद मिंज, महिला आरक्षक रीना दुबे तथा साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक अशोक यादव एवं मनीष सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!