अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी:  सरकारी आदेशों के पालन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस प्रदेश में भाजपा की सरकार है, उसी सरकार के कुसमी के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष को अपने ही शासन-प्रशासन के सामने न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है। मामला शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शंकरगढ़ में प्रधानपाठक के पद पर पदस्थापना से जुड़ा है। जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर द्वारा जारी पदस्थापना आदेश का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए कुसमी के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल ने 03 नवंबर 2026 को कलेक्टर बलरामपुर के समक्ष लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि इस मामले को करीब दो महीने पूर्व समाचार पत्रों, न्यूज पोर्टलों सहित अन्य मीडिया संस्थानों ने प्रमुखता से उठाया था। उस समय भी विभागीय आदेश का पालन नहीं होने को लेकर सवाल खड़े हुए थे। लेकिन मीडिया में खबरें सुर्खियां बनने के बावजूद जब स्थिति में कोई अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आया, तो अब सत्ताधारी दल के पूर्व मंडल अध्यक्ष को ही कलेक्टर के समक्ष लिखित शिकायत लेकर पहुंचना पड़ा। यह घटनाक्रम शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश पर भी नहीं हुई पदस्थापना..

शिकायत पत्र में उल्लेखित जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर द्वारा आदेश क्रमांक 16922, दिनांक 07 जुलाई 2026 के माध्यम से प्रधानपाठक प्रदीप गुप्ता को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शंकरगढ़ में पदस्थ किया गया था। लेकिन कुसमी के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल का आरोप है कि आदेश जारी होने के बावजूद संबंधित आदेश का पालन नहीं कराया गया और 11 नवंबर 2026 तक प्रदीप गुप्ता को उक्त विद्यालय में पदभार ग्रहण नहीं कराया गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रदीप गुप्ता वर्तमान में विकासखंड कुसमी में मंडल संयोजक के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे में शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विधिवत पदस्थापना आदेश जारी किया जा चुका है, तो आखिर उसका पालन अब तक क्यों नहीं कराया गया..?

कलेक्टर से चार बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग..

कुसमी के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल ने 03 नवंबर 2026 को कलेक्टर बलरामपुर को सौंपे शिकायत पत्र में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आदेश का पालन नहीं होने के कारणों का पता लगाने तथा इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

इसके साथ ही प्रदीप गुप्ता को तत्काल शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शंकरगढ़ में पदभार ग्रहण कराने, कुसमी मंडल संयोजक के दायित्व से मुक्त करने तथा उन्हें प्रधानपाठक के मूल पद पर वापस पदस्थ करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए जांच दल गठित करने का भी आग्रह किया है।

मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद भी क्यों नहीं हुई कार्रवाई..?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि करीब दो महीने पहले जब मीडिया संस्थानों ने जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश का पालन नहीं होने का मुद्दा सार्वजनिक किया था, तब विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की गई? आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति है कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश का पालन अब तक नहीं हो सका? क्या संबंधित अधिकारियों ने आदेश के क्रियान्वयन में कोई बाधा बताई है या फिर किसी स्तर पर आदेश को नजरअंदाज किया जा रहा है ?

दूरभाष पर पूर्व मंडल अध्यक्ष ने की शिकायत की पुष्टि..

उक्त मामले में पत्रकारों द्वारा कुसमी के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं शिकायतकर्ता संजय जायसवाल से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर शिकायत के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान उन्होंने 03 नवंबर 2026 को कलेक्टर बलरामपुर के समक्ष लिखित शिकायत सौंपने की पुष्टि की तथा शिकायत किए जाने की बात स्वीकार की।

राजनीतिक गलियारों में भी यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन सकता है, क्योंकि जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत करने वाला व्यक्ति विपक्ष का नेता नहीं, बल्कि सत्ताधारी भाजपा का कुसमी का पूर्व मंडल अध्यक्ष है। ऐसे में सवाल केवल एक पदस्थापना आदेश के पालन का नहीं, बल्कि सरकारी आदेशों के समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रशासनिक जवाबदेही का भी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!