
नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर पूरे दिन एक समान नहीं रहता। दोपहर के मुकाबले रात में हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों का प्रदूषण लगभग दोगुना हो जाता है। निगरानी केंद्रों के आठ साल के आंकड़ों के विश्लेषण से यह बात सामने आई है। इससे स्पष्ट होता है कि केवल 24 घंटे के औसत के आधार पर राजधानी की वायु गुणवत्ता और लोगों के प्रदूषण जोखिम का सही आकलन करना मुश्किल है।
शाम 4 बजे सबसे कम, रात 10 बजे प्रदूषण चरम पर
थिंक टैंक एनवायरोकैटलिस्ट्स ने 2018 से 2025 तक के प्रति घंटा प्रदूषण आंकड़ों का अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि सर्दियों के दौरान PM2.5 का स्तर आमतौर पर शाम 4 बजे सबसे कम, करीब 114 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहता है। इसके बाद इसमें तेजी से बढ़ोतरी होती है और रात 10 बजे तक यह करीब 211 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच जाता है।
हालांकि अक्टूबर और नवंबर में प्रदूषण का सबसे ऊंचा स्तर सुबह करीब 9 बजे दर्ज किया जाता है। अध्ययन के मुताबिक, दिन के किस समय लोग बाहर निकलते है, इसका सीधा असर उनके प्रदूषण के संपर्क में आने के जोखिम पर पड़ सकता है।
रात में सिमट जाती है प्रदूषकों को फैलाने वाली परत
प्रदूषण के इस दैनिक उतार-चढ़ाव के पीछे वायुमंडल की मिक्सिंग लेयर यानी मिश्रण परत की अहम भूमिका है। इसी परत में हवा के साथ प्रदूषक फैलते है। सर्दियों की रात में इसकी ऊंचाई घटकर 100 मीटर से भी कम रह जाती है, जबकि दोपहर में यह करीब एक किलोमीटर तक पहुंच सकती है।
दिन के समय प्रदूषक वायुमंडल में अपेक्षाकृत अधिक ऊंचाई तक फैल जाते है, लेकिन रात में मिश्रण परत सिकुड़ने से वे जमीन के आसपास जमा होने लगते है। इस दौरान शाम का यातायात, शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और ठंड से बचने के लिए लकड़ी तथा अन्य ईंधन जलाने जैसी गतिविधियां प्रदूषण को और बढ़ा देती है।
केवल वाहनों की आवाजाही घटाने से नहीं सुधरेगी हवा
अध्ययन में इस धारणा पर भी सवाल उठाया गया है कि यातायात नियंत्रण से ही दिल्ली के प्रदूषण में बड़ी कमी लाई जा सकती है। मौसम के प्रभाव को ध्यान में रखने के बाद रविवार को नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर करीब 5 प्रतिशत कम पाया गया, लेकिन PM2.5 में केवल 2.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई।
वहीं, प्रमुख सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान कण प्रदूषण में 10 से 12 प्रतिशत तक कमी देखी गई। इससे पता चलता है कि वाहनों के अलावा उद्योगों, बिजली संयंत्रों, कचरा और बायोमास जलाने, धूल तथा पड़ोसी राज्यों से आने वाले प्रदूषण का भी बड़ा योगदान है।
नवंबर सबसे प्रदूषित, अगस्त में हवा सबसे साफ
मासिक आंकड़ों में नवंबर सबसे प्रदूषित महीना रहा। इस दौरान औसत PM2.5 सांद्रता 219 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। दिसंबर में यह 199 और जनवरी में 180 रही। इसके उलट अगस्त सबसे साफ महीना रहा, जब औसत स्तर 34 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था।
विश्लेषण के अनुसार, रोजाना प्रदूषण के स्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव का करीब दो-तिहाई हिस्सा मौसम संबंधी परिस्थितियों से प्रभावित होता है। इसके बावजूद नवंबर से जनवरी के बीच सर्दियों के सबसे अनुकूल दिनों में भी औसत PM2.5 स्तर 150 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो राष्ट्रीय मानक से ढाई गुना अधिक है।
इस साल सुधार के पीछे बारिश की बड़ी भूमिका
इस वर्ष प्रदूषण में आई मामूली कमी को उत्सर्जन में स्थायी गिरावट का संकेत नहीं माना जा सकता। 1 जनवरी से 15 नवंबर के बीच 30 स्थापित निगरानी केंद्रों पर PM2.5 का औसत स्तर 80 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 82 था।
अक्टूबर में करीब 114 मिलीमीटर बारिश होने से प्रदूषण के औसत स्तर में कमी आई। इसके चलते अक्टूबर का मासिक औसत पिछले वर्ष के 112 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से घटकर इस साल 78 पर आ गया। अध्ययन का संकेत है कि मौसम से मिलने वाली अस्थायी राहत के बजाय प्रदूषण के सभी प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण के लिए ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाने की जरूरत है।











