ढाका। भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक घटनाओं में बदल गया है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से लॉकडाउन के आह्वान से पहले ही देश के कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी ढाका में देसी बमों के धमाके होने की खबर है। वहीं, पिछले दो दिनों के दौरान सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस से जुड़े कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। चटगांव के पांच लाइंस इलाके में स्थित उनके पैतृक घर में भी अज्ञात लोगों ने आग लगा दी।

28 जिलों में बिगड़े हालात, वाहनों में लगाई आग

बांग्लादेश के कुल 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 में स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंसा के दौरान कई दर्जन देसी बमों का इस्तेमाल किया गया और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। अब तक चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

पश्चिमी नराइल जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के मार्च पर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किए जाने की खबर है। इस घटना में दो नेताओं की मौत बताई गई है। इसके अलावा फरीदपुर और फिरोजपुर में एक BNP नेता सहित दो लोगों की मौत की सूचना मिली है।

शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच बढ़ा तनाव

शेख हसीना कई बार बांग्लादेश लौटने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। पिछले साल एक विशेष ट्रिब्यूनल ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा सुनाई थी। इसी फैसले के विरोध में उनकी प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग ने लॉकडाउन का आह्वान किया था। इसके बाद देश में तनाव और हिंसक गतिविधियां बढ़ने की खबरें सामने आईं।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया था। इसके बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा और वह भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

गोपालगंज समेत कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई

हिंसा की आशंका को देखते हुए शेख हसीना के जन्मस्थान गोपालगंज सहित कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इन क्षेत्रों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवानों की तैनाती की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे सलाहुद्दीन अहमद का नाम भी शामिल बताया गया है। देश में जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!