
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सफदरगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रही DCM में पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि कार में सवार पांचों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार देर रात करीब एक बजे सफदरगंज थाना क्षेत्र में फतेह राइस मिल के सामने हुआ। अयोध्या की ओर से लखनऊ जा रही कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही DCM में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान कार में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
कार में सवार पांचों लोगों ने बचाई जान
अचानक लगी आग के बाद कार में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैल रही थी, ऐसे में सभी ने किसी तरह कार से बाहर निकलने की कोशिश की। गनीमत रही कि पांचों लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। उनके बाहर आते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
दमकल की दो गाड़ियों ने आधे घंटे में बुझाई आग
हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
एक घंटे तक प्रभावित रहा अयोध्या-लखनऊ मार्ग
हादसे के बाद अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर जली हुई कार खड़ी होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। बाद में पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।











