
रायपुर: बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब तेजी से चक्रवाती तूफान का रूप लेने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहन अवदाब पिछले छह घंटों के दौरान 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे यह 11.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.0 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास स्थित था।मौसम प्रणाली के 17 नवंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके और अधिक शक्तिशाली होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर की दोपहर तक यह आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को अति प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पार कर सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
छत्तीसगढ़ में 20-21 नवंबर को बारिश के आसार
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दो दिनों के बाद एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अगले दिन यानी 17 नवंबर को प्रदेश का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
रायपुर में साफ रहेगा आसमान
राजधानी रायपुर में 17 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।











