
Sports Desk: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार अपना चेयरमैन चुन लिया है। बाली में आयोजित ICC बोर्ड और कमिटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण जय शाह को निर्विरोध दोबारा इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह फैसला ICC बोर्ड के उनके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाता है। उनके दूसरे कार्यकाल से वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के विस्तार, नए दर्शकों को जोड़ने और खेल के व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
ICC ने की जय शाह के नेतृत्व की सराहना
जय शाह के दोबारा चेयरमैन चुने जाने की जानकारी ICC ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल के जरिए साझा की। परिषद ने कहा कि बाली में हुई बैठक के दौरान सभी डायरेक्टर्स के समर्थन से जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुना गया है।ICC के मुताबिक, क्रिकेट इस समय बदलाव और विस्तार के अहम दौर से गुजर रहा है। ऐसे में मजबूत नेतृत्व के जरिए दुनिया भर में इस खेल की लोकप्रियता बढ़ाना, नए प्रशंसकों को जोड़ना और भविष्य के लिए कमाई के नए अवसर तलाशना महत्वपूर्ण है।
ICC चेयरमैन के रूप में काम करना गर्व की बात'
दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने कहा कि ICC के इस प्रतिष्ठित पद पर काम करना उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।जय शाह ने कहा कि क्रिकेट फिलहाल बेहद रोमांचक दौर से गुजर रहा है। साल 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का बड़ा अवसर है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्रिकेट के भविष्य को मजबूत बनाना भी होगा। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, बिजनेस पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर काम किया जाएगा।
36 साल की उम्र में संभाली थी ICC चेयरमैन की जिम्मेदारी
जय शाह ने साल 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। महज 36 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचकर वह ICC के सबसे युवा चेयरमैन बने थे।जय शाह ICC के प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं।
गौरतलब है कि साल 2015 से पहले ICC के इस शीर्ष पद को 'प्रेसीडेंट' कहा जाता था। बाद में संगठनात्मक बदलाव के तहत इसका नाम बदलकर 'चेयरमैन' कर दिया गया। जय शाह के दूसरे कार्यकाल पर अब क्रिकेट जगत की निगाहें रहेंगी, खासकर 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी और वैश्विक स्तर पर खेल के विस्तार की योजनाओं को लेकर।










