
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों सुर्खियों में है। इस विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य आयोजन स्थल तैयार हो रहा है। शादी में सबसे बड़ा आकर्षण ताजमहल की तर्ज पर बनाया जा रहा मुख्य पंडाल होगा। इसके अलावा दिल्ली के लाल किले जैसी संरचना वाला एक और पंडाल भी तैयार किया जा रहा है।
मऊ के कलाकार दे रहे हैं पंडाल को ताजमहल जैसा रूप
शादी की सजावट और निर्माण कार्य में उत्तर प्रदेश के मऊ से आए कलाकार और शिल्पकार जुटे हुए हैं। मुख्य पंडाल के लिए ताजमहल की शैली में गुंबद तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें पंडाल के ऊपर स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद इसकी पूरी बनावट मुगलकालीन स्मारक जैसी दिखाई देगी।
आयोजन की तैयारियों पर अनंत सिंह के तीनों बेटे भी लगातार नजर रख रहे हैं। वे समय-समय पर आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। परिवार की कोशिश है कि मेहमानों के स्वागत और सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहे। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है।
मेहमानों के लिए बनाए जा रहे आधा दर्जन से ज्यादा हेलीपैड
शादी में कई वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। इनमें कुछ के हेलीकॉप्टर से पहुंचने की उम्मीद को देखते हुए आयोजन स्थल के आसपास छह से अधिक हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन से जुड़े लोगों के मुताबिक, यदि मेहमानों की संख्या और जरूरत के हिसाब से मौजूदा हेलीपैड कम पड़े, तो इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।
करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान
शिवांगी की शादी में करीब चार लाख मेहमानों के आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लिए खाने-पीने की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों के मुताबिक, मेहमानों के लिए करीब 150 तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसमें बिहार के पारंपरिक पकवानों को भी खास जगह दी गई है।
बिहारी स्वाद से लेकर शाही व्यंजनों तक का इंतजाम
भोज के मेन्यू में लिट्टी-चोखा, देसी घी का मालपुआ, बालूशाही, खाजा और रसगुल्ला जैसे पारंपरिक पकवान शामिल होंगे। वहीं, शाही भोजन के लिए पनीर की अलग-अलग सब्जियां, शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, तंदूरी रोटी और नान भी परोसे जाएंगे।
इसके अलावा चाट, गोलगप्पे, टिक्की, डोसा, चाउमीन और पास्ता के लिए अलग-अलग लाइव फूड काउंटर लगाए जाएंगे। कुल्फी के काउंटर भी मेहमानों के लिए आकर्षण का हिस्सा होंगे। इन स्टॉल पर कारीगर लोगों के सामने ही ताजा व्यंजन तैयार करेंगे।











