
रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत 16 नवंबर से तीन दिवसीय प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर संगठन की गतिविधियों का जायजा लेंगे। उनके दौरे का विशेष फोकस सरगुजा संभाग के कोयला खदान प्रभावित इलाकों पर रहेगा। यहां वे प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित हितधारकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जन चौपाल आयोजित कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। शंख नदी के समीप प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पहले दिन उनका रात्रि विश्राम मैनपाट में प्रस्तावित है।
दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को वे मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होने के बाद ग्राम साल्ही जाएंगे। साल्ही में पेकब, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों एवं संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों, ग्रामीणों की समस्याओं, विस्थापन और प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की जाएगी।सरगुजा संभाग में कोयला खदान परियोजनाओं को लेकर लंबे समय से स्थानीय स्तर पर विरोध और विभिन्न सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की प्रभावित ग्रामीणों के साथ प्रस्तावित बैठक को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली (मेंद्रा) में आयोजित जन चौपाल में शामिल होंगे। शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।दौरे के अंतिम दिन 18 नवंबर को सुखदेव भगत अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक लेंगे। बैठक में अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे। यहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के बाद वे शाम को सड़क मार्ग से झारखंड के लोहरदगा के लिए रवाना होंगे।
संगठन की मजबूती और स्थानीय मुद्दों पर रहेगा जोर
सुखदेव भगत का यह तीन दिवसीय दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। जन चौपाल के माध्यम से वे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की मजबूती, सक्रियता और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों का फीडबैक लेंगे।वहीं, कोयला खदान प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और उनकी मांगों को समझने का प्रयास करेंगे। इस तरह उनके दौरे में एक ओर संगठनात्मक समीक्षा तो दूसरी ओर सरगुजा संभाग के ज्वलंत स्थानीय मुद्दे प्रमुखता से शामिल रहेंगे।











