अंबिकापुर: सरगुजा जिले में पिछले कई दिनों से वन विभाग और ग्रामीणों के लिए चुनौती बना कबरा हाथी अब 17 हाथियों के दल के साथ ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी पहुंच गया है। हाथियों का दल पार्वती गुफा के समीप जंगल में विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

रातभर कई गांवों और जंगलों से गुजरा हाथियों का दल

मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल बीती रात कुशवामुड़ा जंगल से निकलकर सुखरीभंडार, आमा डुग्गू और बेलढाब होते हुए सुबह बोंगरू पहुंचा। इसके बाद दल वापस लौटकर रामगढ़ के बड़ा तुर्रा के नीचे स्थित जंगल में पहुंच गया, जहां हाथियों का विचरण जारी है।

दो ट्रैकर टीमें कर रहीं निगरानी

हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की पैदल ट्रैकर की दो टीमें लगातार उनके पीछे निगरानी कर रही हैं। वहीं, कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने वाली टीम भी स्थानीय लोगों की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने और आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो रही है।

कबरा हाथी के रेस्क्यू की कोशिश जारी

फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में हाथियों की मूवमेंट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!