
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है। इसके अगले 24 घंटों में डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि यह सिस्टम 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस संभावित तूफान का नाम 'अकवान' होगा, जिसे ईरान ने नाम दिया है।
60 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
IMD के बुलेटिन के अनुसार, शनिवार सुबह 5:30 बजे कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय था। इसके प्रभाव से अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 नवंबर से हवाओं की गति बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले दो दिनों तक तेज हवाओं का असर बने रहने की संभावना है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए IMD ने मछुआरों को 15 नवंबर तक समुद्र से वापस लौटने की सलाह दी है। साथ ही, अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी जारी की गई है।
अंडमान-निकोबार प्रशासन अलर्ट, उपराज्यपाल ने कही ये बात
संभावित चक्रवात को देखते हुए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी सतर्कता बरती जा रही है। उपराज्यपाल दिनेश शर्मा ने कहा कि द्वीप समूह में आपदा प्रबंधन बल पूरी तरह तैयार है। नौसेना, वायुसेना और थल सेना को भी हाई अलर्ट पर रखा जाता है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उनसे होने वाले नुकसान को कम करने के लिए प्रशासन सभी जरूरी इंतजाम करता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था तैयार है। फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
अर्नब और मुरसु के बाद तीसरे बड़े मौसमी सिस्टम की आहट
बंगाल की खाड़ी में हाल के हफ्तों के दौरान यह तीसरा बड़ा मौसमी सिस्टम बताया जा रहा है। इससे पहले अक्टूबर और नवंबर में चक्रवात 'अर्नब' और 'मुरसु' ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को प्रभावित किया था।28 अक्टूबर को चक्रवात 'अर्नब' बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में नरसापुर के पास आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। उस समय हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी, जबकि झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई थी। इस चक्रवात के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हुई थी।इसके बाद 3 नवंबर की सुबह चक्रवात 'मुरसु' गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दक्षिणी आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराया। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। इसके प्रभाव से 5 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई थी।
फिलहाल मौसम विभाग की नजर बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम पर बनी हुई है। आने वाले 24 से 48 घंटे इसके आगे के रुख और संभावित चक्रवाती तूफान की स्थिति के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।











