
अम्बिकापुर: सूर्यषष्ठी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सरगुजा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। 14 से 16 नवंबर तक मनाए जाने वाले छठ पर्व के दौरान जिले के 13 छठ घाटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं पूरे जिले में लगभग 400 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 छठ घाटों पर 244 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें खर्रा नदी (घुनघुट्टा बांध) और शंकरघाट (रामानुजगंज रोड) प्रमुख हैं, जहां लगभग 45-45 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
घाटों पर गोताखोर और अग्निशमन की व्यवस्था
प्रत्येक छठ घाट पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा अग्निशमन की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, चैन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 5 पेट्रोलिंग टीम और 2 बाइक पेट्रोलिंग टीम दो शिफ्ट में लगातार गश्त करेंगी।
14 नवंबर दोपहर 12 बजे से भारी वाहनों पर प्रतिबंध
छठ पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सरगुजा पुलिस ने रूट एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 14 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे तक मालवाहक वाहनों का शहर एवं रिंग रोड में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
भारी एवं मालवाहक वाहनों को निम्नलिखित स्थानों पर रोका जाएगा
1. दरिमा मोड़ – रायगढ़ रोड।
2. सांड़बार बेरियर – बिलासपुर रोड।
3. अजिरमा बेरियर – मनेन्द्रगढ़ रोड।
4. एफसीआई गोदाम, चठिरमा – बनारस रोड।
5. ककना मोड़ – रामानुजगंज रोड।
6. आरटीओ कार्यालय के पास – प्रतापपुर रोड।
यात्री बसों के लिए निर्धारित किया गया रूट
पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार रायपुर, रायगढ़, बनारस, वाड्रफनगर और मनेन्द्रगढ़ मार्ग की यात्री बसें अपने निर्धारित मार्ग से यथावत संचालित होंगी।प्रतापपुर की ओर आने-जाने वाली बसें गांधी चौक, अंबेडकर चौक, बनारस मार्ग, साईं कॉलेज, डिगमा और सरगवां होकर आवागमन करेंगी।वहीं रामानुजगंज मार्ग की यात्री बसों को गांधी चौक, अंबेडकर चौक, बनारस मार्ग, साईं कॉलेज, डिगमा, सरगवां, चिखलाडीह, सिधमा और ककना होकर आने-जाने की व्यवस्था दी गई है।शंकरघाट एवं घुनघुट्टा बांध की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है। रामानुजगंज की ओर से आने वाली यात्री बसें और चारपहिया वाहन भकुरा-नवापारा होते हुए सरगवां-सकालो मार्ग से आवागमन करेंगे।लुचकी से दरिमा की ओर जाने वाले वाहनों का मार्ग करजी चौक से तथा नवानगर एवं दमाली की ओर से आने वाले वाहनों का मार्ग एयरपोर्ट तिराहा से परिवर्तित किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था
छठ पर्व में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है।
1. संजय पार्क के सामने – चारपहिया वाहन।
2. सूटन ढाबा के पास – दोपहिया वाहन।
3. खनिज बैरियर के पास – पार्किंग।
4. मोंटफोर्ट स्कूल के पास – पार्किंग।
5. घुनघुट्टा नदी के पास – चारपहिया वाहन।
6. घुनघुट्टा नदी के पूर्व में – दोपहिया वाहन।
सरगुजा पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि छठ पर्व के दौरान जारी यातायात एडवाइजरी का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें तथा घाटों पर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सूर्यदेव की उपासना और छठी मैया की आराधना कर सकें।










