जशपुर:  खेत में बैल चरने की बात को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की डंडे और लात-घूंसों से मारपीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसलंघना की है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम (56 वर्ष) निवासी ग्राम बसलंघना 11 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:15 बजे अपने बैलों को चराने के लिए टंगरागढ़ा स्थित खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के ही फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) ने अपने खेत में बैलों द्वारा धान की फसल चरने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

बताया गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर एतवा राम पर पहले बांस के डंडे से हमला किया। इसके बाद लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर उनकी पीठ, जांघ और हाथ पर कई वार किए। आरोपी ने लात से भी मारपीट की, जिससे एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना के दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल एतवा राम को उपचार के लिए जिला अस्पताल जशपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ी के दो डंडे बरामद कर जब्त किए।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसन पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवानंद एवं देविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!