रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को रायपुर स्थित ED की PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच हथकड़ी लगाकर उसे रायपुर जेल से कोर्ट लेकर पहुंची। आरोपी की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए उसे कस्टोडियल रिमांड पर सौंपने की मांग करते हुए अदालत में आवेदन पेश किया है। एजेंसी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उससे पूछताछ करना चाहती है।

जानकारी के मुताबिक, जेल में बंद सौरभ चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट के जरिए अदालत में पेश किया गया। इससे पहले CBI कोर्ट में ED की ओर से लगाई गई अर्जी खारिज हो गई थी। इसके बाद ED ने PMLA स्पेशल कोर्ट का रुख किया, जहां से आवेदन स्वीकार कर लिया गया। इसी आदेश के बाद शुक्रवार को पुलिस उसे जेल से ED कोर्ट लेकर पहुंची।

गौरतलब है कि 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान CBI ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया था। अदालत ने आरोपी को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया था।

अब ED की ओर से कस्टोडियल रिमांड की मांग किए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर से पूछताछ को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!