
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज करीब 3 करोड़ 38 लाख नाम विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट से मैच नहीं हो पाए हैं। इस खुलासे के बाद चुनाव आयोग में हलचल तेज हो गई है। अब आयोग ने तीनों मतदाता सूचियों का मिलान कराने और पूरे मामले की जांच कराने का फैसला किया है।
आंकड़ों के मुताबिक, पंचायत और नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची में कुल 16.90 करोड़ मतदाता दर्ज हैं, जबकि विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में यह संख्या महज 13.52 करोड़ है। दोनों सूचियों के बीच इतने बड़े अंतर ने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना है कि 3.38 करोड़ नामों का मिलान नहीं हो पाया है, लेकिन इसका सीधा मतलब यह नहीं है कि इतने लोगों के नाम काट दिए गए हैं। यह पता लगाने के लिए जांच जरूरी है कि आखिर इतने बड़े अंतर की वजह क्या है।
इस मुद्दे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी पार्टी की बैठक में उठाया था। उन्होंने करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं की संख्या कम होने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लगभग 55 लाख लोगों के मतदाता सूची में नाम नहीं होने का जिक्र किया था।जांच में यह बात भी सामने आई है कि शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसे में चुनाव आयोग अब विशेष अभियान चलाकर योग्य मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने की तैयारी कर रहा है। चार जनवरी तक मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाना है।इस पूरे मामले में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA) की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में आ सकती है। सवाल यह है कि जब मतदाता सूची को अपडेट करने की जिम्मेदारी इन्हीं अधिकारियों और एजेंटों की थी, तो इतनी बड़ी संख्या में नामों का मिलान क्यों नहीं हो पाया?
लोकतंत्र में मतदान हर योग्य नागरिक का अधिकार है। ऐसे में जरूरी है कि चुनाव आयोग तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से आगे बढ़कर यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। आयोग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती चुनाव से पहले मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करना और हर योग्य मतदाता का नाम सूची में शामिल करना है।











