
भारत में वर्ष 2015 के मुकाबले 2025 में तपेदिक (टीबी) से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में भारत ने वैश्विक औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में इसी अवधि के दौरान टीबी से होने वाली मौतों में 35 प्रतिशत की गिरावट आई है।
WHO की ग्लोबल टीबी रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, भारत में टीबी से मृत्यु दर वर्ष 2015 में प्रति 10 लाख आबादी पर 280 थी, जो 2025 में घटकर 180 रह गई। वर्ष 2025 में दुनिया के कुल टीबी मामलों में भारत की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत रही।
टीबी मरीजों की उपचार सफलता दर 94 प्रतिशत
इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीबी से होने वाली मौतों में गिरावट इस बीमारी के खिलाफ भारत के प्रयासों की प्रभावशीलता को दर्शाती है। मंत्रालय के अनुसार, 94 प्रतिशत की उच्च उपचार सफलता दर मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण, बेहतर उपचार व्यवस्था और टीबी से प्रभावित लोगों को लगातार मिल रहे सहयोग का प्रमाण है।
सरकार के मुताबिक, केंद्र के ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों की गहन स्क्रीनिंग की जा चुकी है। शुरुआती पहचान को मजबूत करने के लिए 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे भी किए गए।
मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान के तहत टीबी के 48.64 लाख नए मामलों की पहचान की गई, जिनमें 14.97 लाख ऐसे मामले भी शामिल हैं, जिनमें मरीजों में बीमारी के लक्षण नहीं थे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक टीबी मामलों में इंडोनेशिया की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत, फिलीपींस की 6.8 प्रतिशत, चीन की 6.5 प्रतिशत, पाकिस्तान की 6.4 प्रतिशत, नाइजीरिया की 4.9 प्रतिशत, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की 3.9 प्रतिशत और बांग्लादेश की 3.7 प्रतिशत रही। WHO ने कहा कि टीबी से प्रभावित ज्यादातर लोग 30 उच्च बोझ वाले देशों में रहते हैं।
भारत उन चार देशों में भी शामिल है, जहां 2025 में दुनियाभर के आधे से अधिक मल्टीड्रग-रेजिस्टेंट टीबी (MDR-TB) के मामले दर्ज किए गए। हालांकि, WHO और भारत सरकार दोनों ने पुष्टि की है कि देश में MDR-TB के मामलों की दर में धीरे-धीरे गिरावट आ रही है।
WHO ने कहा कि भारत की टीबी स्थिति की समीक्षा और आंकड़ों को अपडेट करने का काम जिला-स्तरीय सेंटिनल सर्विलांस (DLSS) के आंकड़ों के विश्लेषण के बाद किया जाएगा। इस प्रक्रिया में भारत के केंद्रीय टीबी प्रभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
संगठन के अनुसार, इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद टीबी संक्रमण के रुझानों के अनुमान को 2027 की शुरुआत में अपडेट किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद भारत के लिए संशोधित देश प्रोफाइल जारी की जाएगी।











