
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुसवामुड़ा में करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय हथिनी की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित तार बिछाया था, जिसकी चपेट में आने से हथिनी की जान चली गई।
घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से करंट प्रवाहित तार को डैम में फेंक दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने जांच तेज की और सुखरीभंडार क्षेत्र के 12 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। करीब दो दिनों तक चली पूछताछ के बाद पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई।वन विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन मंझवार (41), भरोस मंझवार (41), पारस मंझवार (41), बुधराम मंझवार (41) और रतनराम मंझवार (37) के रूप में हुई है। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रात में खेत में फैलाते थे करंट, सुबह हटा देते थे तार
जांच में सामने आया कि घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर स्थित गन्ने की बाड़ी में बिजली के खंभे से तार जोड़कर करंट प्रवाहित किया जाता था। आरोपी भरोस मंझवार शाम 7 से 8 बजे के बीच बिजली चालू करता था और सुबह करीब 4 बजे तार हटा देता था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।
घटना वाले दिन जगमोहन मंझवार अपने खेत से घटनास्थल तक करंट प्रवाहित तार लेकर गया था। इसी दौरान सात वर्षीय हथिनी उस तार की चपेट में आ गई और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथी की मौत की यह दूसरी घटना होने के कारण वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया था। पूरी कार्रवाई रेंजर फेकू प्रसाद चौबे के नेतृत्व में की गई। मामले का खुलासा करने में सर्किल प्रभारी यादवंद सिंह पैकरा, गिरीशबहादुर सिंह, मलेश्वर प्रसाद, अशोक कुमार, वनरक्षक अमरनाथ राजवाड़े, राजेश कुजूर, अनीता मिंज, अरूलिया मिंज और वनपाल शशिकांत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति विभाग की गंभीरता सामने आई है। वहीं, खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछाने जैसी खतरनाक गतिविधियां वन्यजीवों के अस्तित्व के लिए बड़ा खतरा बनी हुई हैं।











