सूरजपुर: सूरजपुर जिले के जरही स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को भटगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए प्रिंटर, कंप्यूटर सीपीयू, बैटरी सहित सभी सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संतोष भारती ने 10 नवंबर 2026 को थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दीपावली अवकाश के दौरान 6 से 11 नवंबर तक स्कूल बंद था। इसी बीच अज्ञात चोर ने स्कूल के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और स्टेशनरी, 2 प्रिंटर, 4 नग बैट, 1 कंप्यूटर सीपीयू तथा 6 बैटरियां चोरी कर लीं। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 215/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जरही निवासी संदेही सूरज राजवाड़े कंप्यूटर सीपीयू और प्रिंटर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

इस पूछताछ में आरोपी ने 7 नवंबर 2026 को स्कूल के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर स्कूल के पीछे स्थित नर्सरी से चोरी की गई सामग्री बरामद की गई। इसमें 4 बंडल पेपर, 2 प्रिंटर, 4 नग बैट, 1 कंप्यूटर सीपीयू, सादा रजिस्टर और 6 बैटरियां शामिल हैं।पुलिस ने आरोपी सूरज राजवाड़े (22 वर्ष), पिता विफल राजवाड़े, निवासी जरही, थाना भटगांव को गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा, एएसआई राजकिशोर खलखो, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक दिनेश ठाकुर, रजनीश पटेल, विनोद प्रताप सिंह एवं सैनिक बबलू राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!