
जशपुर: जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुर में चरित्र शंका को लेकर पति द्वारा अपनी पहली पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रनपुर निवासी कोलो राम (43 वर्ष) ग्राम लरंगा के बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत है। बताया गया है कि आरोपी ने करीब एक वर्ष पहले दूसरी महिला को पत्नी के रूप में रख लिया था और उसके साथ पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगा था। वहीं उसकी पहली पत्नी इन्द्रमुनी अपने बेटों के साथ ग्राम रनपुर में रहती थी। दूसरी शादी के बाद से ही आरोपी अपनी पहली पत्नी पर चरित्र को लेकर संदेह करता था और आए दिन उसके साथ विवाद एवं मारपीट करता था।घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। आरोपी कोलो राम ग्राम रनपुर स्थित अपने घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाकर अंदर घुस गया। इसके बाद पत्नी इन्द्रमुनी के कमरे में जाकर चरित्र शंका को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे टांगी के पासे से पत्नी की पीठ पर दो बार वार कर दिया। इसके बाद उसे घर से बाहर खींचकर ले गया और पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से भी जमकर मारपीट की।इस दौरान बेटे रोशन कुमार और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। मारपीट में इन्द्रमुनी की पीठ और हाथ में चोटें आई थीं। इसके बाद बेटे अपनी मां को घर ले आए और सुला दिया।कुछ देर बाद आरोपी पत्नी का उपचार कराने की बात कहकर उसे अपनी बोलेरो वाहन में बैठाकर ले गया। रात करीब 4 बजे आरोपी वापस रनपुर लौटा। अगली सुबह करीब 6 बजे बेटे रोशन कुमार ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां वाहन की बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में पड़ी थी। वहीं आरोपी पिता मौके से गायब था।
मृतिका के बेटे रोशन कुमार (20 वर्ष) की रिपोर्ट पर बगीचा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 295/2028, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











