
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका वेनेदिक्ता कुजूर का पति सुरेन्द्र मिंज 7 नवंबर की शाम काम के सिलसिले में डोडकाचौरा स्थित एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गया था। इस दौरान घर में उसकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे।बताया जा रहा है कि 7 नवंबर की देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगा। मां ने घर में दिन का खाना रखे होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर आरोपी गुस्से से आगबबूला हो गया और मां के साथ गाली-गलौज करने लगा।विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चूल्हे के पास पड़े अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां के हाथ, पैर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची अपनी बहन को भी आरोपी ने डंडे से पीट दिया। इतना ही नहीं, उसने अपने छोटे भाई को भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया और घटनास्थल से फरार हो गया।घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया अधजला लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मृतिका का पोस्टमार्टम कराया।आरोपी रोशन मिंज पिता सुरेन्द्र मिंज, उम्र 22 वर्ष, निवासी गढ़ाटोली, जशपुर के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 369/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी ने कहा गंभीर अपराध करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, नंदलाल राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक शोभ नाथ सिंह एवं नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











