
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर के पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डंप बरामद किया है। मौके से 455 इलेक्ट्रिक और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक सहित कुल 955 डेटोनेटर बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 204 कोबरा बटालियन की आसूचना शाखा को क्षेत्र में माओवादियों द्वारा विस्फोटक एवं अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने पुजारीकांकेर गांव के दक्षिण-पूर्व दिशा स्थित पहाड़ी-जंगली इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया।तलाशी अभियान के दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया संदिग्ध डंप मिला। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सावधानीपूर्वक जांच करने पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नक्सल साहित्य बरामद हुआ।
955 डेटोनेटर समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से 455 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 500 नग नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए। इसके अलावा 2 मल्टीमीटर, 2 रेडियो सेट बैटरी चार्जर कप, 2 कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड (PCB), मल्टी USB पोर्ट कार्ड रीडर, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप एडाप्टर, 12 वोल्ट FM/AM रिट्रैक्टेबल पावर एंटीना, टेलीस्कोपिक एंटीना और डेटा केबल भी जब्त की गई है।इसके साथ ही करीब 8 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, स्नैप हुक तथा नक्सल साहित्य भी बरामद किया गया है।
संयुक्त सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से माओवादियों के विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री के डंप को बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना उसूर पुलिस द्वारा बरामद विस्फोटक एवं अन्य सामग्रियों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










