अंबिकापुर: होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज अंबिकापुर में 6 नवंबर 2026 को प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को जीवंत कर दिया।कार्यक्रम के दौरान प्रार्थना नृत्य, प्रभु श्रीराम पर आधारित युगल गीत, आकर्षक दीप नृत्य और रामलीला की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। रामलीला के माध्यम से छात्राओं ने भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं छात्राओं के उत्कृष्ट मंच संचालन ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर उपप्राचार्य डॉ. मंजू ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपक के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार हमें भी दूसरों के जीवन में खुशियां और सकारात्मकता लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति को विविधता में एकता का परिचायक बताते हुए भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेम, त्याग और समर्पण जैसे गुणों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का निर्देशन गणित विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. दिव्या गुलाब मिंज ने किया। वहीं वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक  मनीषा बेक के मार्गदर्शन में छात्राओं द्वारा की गई आकर्षक मंच सज्जा ने पूरे परिसर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.  शांता जोसेफ के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम प्राध्यापकों एवं छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!