
भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS सह्याद्रि ने 29 अक्टूबर 2026 को दक्षिण कोरिया के बुसान में भारत और कोरिया गणराज्य की नौसेनाओं (IN-RoKN) के बीच आयोजित द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास में अपनी भागीदारी सफलतापूर्वक पूरी की। इस अभ्यास से दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग मजबूत हुआ और परिचालन समन्वय (इंटरऑपरेबिलिटी) तथा आपसी समझ को बढ़ावा मिला।
अभ्यास के हार्बर फेज के दौरान भारतीय नौसेना और कोरिया गणराज्य की नौसेना के कर्मियों के बीच पेशेवर चर्चाएं, क्रॉस-डेक विजिट, ऑपरेशनल ब्रीफिंग और विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श हुआ। इन गतिविधियों के जरिए दोनों नौसेनाओं ने अपने परिचालन अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा किया। इसके अलावा, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों ने दोनों देशों के नौसैनिक कर्मियों के बीच आपसी संबंध और सौहार्द मजबूत किया।
वहीं, सी फेज के दौरान पेशेवर स्तर पर हुई बातचीत को व्यावहारिक समुद्री गतिविधियों में बदला गया। इस चरण में INS सह्याद्रि और दक्षिण कोरियाई युद्धपोत ROKS मुनमु द ग्रेट ने समन्वित नेविगेशन, हेलीकॉप्टर संचालन और संयुक्त समुद्री युद्धाभ्यास में हिस्सा लिया। इससे दोनों नौसेनाओं को समुद्र में बेहतर तालमेल बनाने और एक-दूसरे की परिचालन प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला।
अभ्यास का सफल समापन भारत और कोरिया गणराज्य के बीच समुद्री सहयोग को लगातार मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस तरह के संयुक्त अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के सामूहिक प्रयासों को भी समर्थन देते हैं।











