
राजकोट: गुजरात के राजकोट में एक होटल में आयोजित जन्मदिन की पार्टी पर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। शराब परोसे जाने और सेवन की सूचना पर स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने दबिश दी। पुलिस ने मामले में 35 पुरुष मेहमानों और होटल के तीन कर्मचारियों समेत कुल 38 लोगों के खिलाफ गुजरात निषेध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। मौके से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की 11 बोतलें भी जब्त की गई हैं।
98 लोगों का कराया गया ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजकोट के कालावाड रोड स्थित एक होटल में शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। यहां शराब परोसे जाने और लोगों द्वारा सेवन किए जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पार्टी में मौजूद लोगों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया। इसके बाद मेहमानों और होटल कर्मचारियों सहित कुल 98 लोगों के रक्त के नमूने राजकोट सिविल अस्पताल में जांच के लिए भेजे गए। जांच के दौरान शराब सेवन की पुष्टि होने पर 38 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पार्टी में 30 महिलाएं भी थीं मौजूद
जोन-2 के पुलिस उपायुक्त राकेश देसाई ने बताया कि पार्टी में करीब 30 महिलाएं भी शामिल थीं, लेकिन उनमें से किसी के भी शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई। एफआईआर में शामिल 38 लोगों में 35 पुरुष मेहमान और होटल के तीन कर्मचारी हैं।पुलिस के मुताबिक, इस पार्टी का आयोजन चिराग पटेल ने अपने जन्मदिन के जश्न के लिए किया था। छापेमारी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की 750 मिलीलीटर वाली आईएमएफएल की 11 बोतलें बरामद की गईं। इनमें कुछ बोतलें खाली थीं, जबकि कुछ में शराब बची हुई थी। पुलिस को मौके से कोई अन्य नशीला पदार्थ नहीं मिला।
होटल प्रबंधन और सीसीटीवी फुटेज की जांच
डीसीपी राकेश देसाई के अनुसार, पार्टी में शामिल अधिकांश लोग राजकोट और पड़ोसी मोरबी जिले के निवासी थे। पुलिस अब होटल प्रबंधन और आयोजन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसके लिए होटल का लाइसेंस, पुराने रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि गुजरात में राज्य गठन के समय से ही शराबबंदी लागू है। राज्य में बिना वैध अनुमति शराब का निर्माण, भंडारण, बिक्री, परिवहन और सेवन प्रतिबंधित है। ऐसे में होटल में आयोजित जन्मदिन की पार्टी के दौरान शराब मिलने के बाद पुलिस ने निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।











