इंदौर : गुजरात के दाहोद को जोड़ने वाली नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही-धार रेलखंड पर सोमवार को इलेक्ट्रिक इंजन का स्पीड ट्रायल किया जाएगा। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के मुताबिक, इस रेलखंड पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है और 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड बिजली लाइन भी चार्ज कर दी गई है।ट्रायल की शुरुआत सुबह 8:30 बजे टीही स्टेशन से होगी। परीक्षण के दौरान इलेक्ट्रिक इंजन को अलग-अलग चरणों में 30, 75, 110 और अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। यह प्रक्रिया मुख्य रेल सुरक्षा आयुक्त (CRS) के निरीक्षण से पहले की जा रही है। सोमवार को परीक्षण रात 9 बजे तक चलेगा। रेलवे के अनुसार, यह जांच प्रक्रिया 6 नवंबर तक जारी रहेगी।

CRS निरीक्षण से पहले हो रही तैयारी

स्पीड ट्रायल का उद्देश्य नए रेलखंड पर इलेक्ट्रिक इंजन की अलग-अलग गति पर संचालन की स्थिति जांचना है। अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से होने वाले परीक्षण के बाद रेलखंड के सुरक्षा संबंधी पहलुओं का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी।

रेलवे ट्रैक से दूर रहने की अपील

ट्रायल के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। रेलवे कर्मचारियों को लाउडस्पीकर और माइक के जरिए लोगों को सावधान करने की जिम्मेदारी दी गई है।

पशुओं को भी ट्रैक के पास न जाने दें

रेलवे ने लोगों से अपील की है कि स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे लाइन के आसपास न जाएं और पटरियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। ग्रामीणों को अपने मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक से दूर रखने की सलाह दी गई है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार से होने वाले परीक्षण के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना रोकना प्राथमिकता है। इसके लिए आम लोगों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!