लखनपुर/ प्रिंस सोनी: नगर पंचायत लखनपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पिछले सात महीनों से भुगतान नहीं मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भुगतान में देरी के चलते कई हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य अधर में लटक गए हैं। वहीं, जिन हितग्राहियों ने बाजार से व्यापारियों के यहां उधारी में छड़, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री लेकर अपने मकान का निर्माण पूरा कर लिया है, वे अब भुगतान के लिए नगर पंचायत के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए आवासों का भुगतान लगभग सात महीने से लंबित है। राशि नहीं मिलने के कारण हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। कई लोगों ने दुकानदारों से उधारी में निर्माण सामग्री लेकर मकान बनाने का काम शुरू किया था, लेकिन भुगतान नहीं होने से दुकानदार भी अब अपनी बकाया राशि की मांग कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में हितग्राहियों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई है। वहीं, कई हितग्राहियों ने राशि के अभाव में जहां तक निर्माण कार्य हुआ है, उसे वहीं रोक दिया है। भुगतान की अनिश्चितता के चलते नए निर्माण कार्य शुरू करने के लिए भी लोग आगे नहीं आ रहे हैं।

हितग्राहियों का कहना है कि वे लगातार नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर भुगतान के संबंध में जानकारी मांग रहे हैं। इस पर नगर पंचायत के अधिकारियों द्वारा बताया जाता है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि का भुगतान नगर पंचायत स्तर से नहीं होता, बल्कि शासन स्तर से सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता है। नगर पंचायत की जिम्मेदारी जियो टैगिंग सहित आवश्यक दस्तावेज एवं फाइल तैयार कर आगे भेजने की है। इसके बावजूद भुगतान कब तक होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी हितग्राहियों को नहीं मिल पा रही है।

वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के पुराने चरण में भी भुगतान की समस्या बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पुराने प्रधानमंत्री आवास योजना के करीब 35 हितग्राहियों का जियो टैगिंग कार्य पूरा होने के बावजूद उनकी किस्त की राशि अब तक लंबित है। आवास योजना का कार्य देखने वाले टीएलडीसी कर्मचारी का लखनपुर से स्थानांतरण हो जाने के कारण पुराने आवासों की फाइलों एवं भुगतान प्रक्रिया में विलंब हो रही है

इस संबंध में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विद्यासागर चौधरी से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि टीएलडीसी कर्मचारी के स्थानांतरण के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का भुगतान प्रभावित हुआ है। इस समस्या से मंत्री जी को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर भुगतान की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!