नई दिल्ली। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने शनिवार को भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह का स्थान लिया, जो देश की 42 साल तक सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के पूर्व छात्र दीक्षित 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए थे। करीब चार दशक के सैन्य करियर में उन्हें ऑपरेशनल गतिविधियों, फ्लाइट टेस्टिंग, सैन्य क्षमता विकास और संयुक्त स्टाफ से जुड़ी जिम्मेदारियों का व्यापक अनुभव मिला है।

3,300 घंटे से अधिक विमान उड़ाने का अनुभव

भारतीय वायु सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, एयर चीफ मार्शल दीक्षित एक कुशल फाइटर पायलट, क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट रहे है। उन्हें मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करणों, जगुआर और कई परिवहन विमानों समेत अलग-अलग श्रेणी के विमानों को उड़ाने का 3,300 घंटे से अधिक का अनुभव है।

वायु सेना के आधुनिकीकरण में निभाई अहम भूमिका

एयर चीफ मार्शल दीक्षित को भारतीय वायु सेना के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। उन्होंने जगुआर और मिग-27 के अपग्रेड प्रोजेक्ट्स को पूरा कराने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा स्वदेशी लड़ाकू विमान LCA Mk-I तेजस के लिए इनिशियल ऑपरेशनल क्लीयरेंस (IOC) और फाइनल ऑपरेशनल क्लीयरेंस (FOC) की प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने में भी उनका योगदान रहा।

कई महत्वपूर्ण कमान और पदों पर किया काम

उनकी ऑपरेशनल जिम्मेदारियों में मिराज-2000 स्क्वाड्रन, पश्चिमी सेक्टर की एक फॉरवर्ड बेस सपोर्ट यूनिट और वायु सेना स्टेशन बीदर की कमान शामिल रही है। बीदर भारतीय वायु सेना का प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस है।दीक्षित ने सदर्न एयर कमांड में एयर डिफेंस कमांडर और साउथ वेस्टर्न एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर के रूप में भी सेवाएं दी। डिप्टी चीफ ऑफ द एयर स्टाफ रहते हुए उन्होंने सैन्य क्षमता विकास और खरीद से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलों का नेतृत्व किया।इसके बाद उन्होंने एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के तौर पर सेंट्रल एयर कमांड की जिम्मेदारी संभाली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वे चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के पद पर भी कार्यरत रहे। वायु सेना प्रमुख बनने से पहले वे वाइस-चीफ ऑफ द एयर स्टाफ की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

कई सैन्य सम्मानों से हो चुके है सम्मानित

वायु सेना के मुताबिक, एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बांग्लादेश के डिफेंस सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और नई दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है।देश के प्रति उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वायु सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!