रायपुर : – छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर कमजोर पड़ने लगा है। मौसम में आए बदलाव के बाद अब प्रदेश में तापमान बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक उछाल आ सकता है। शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी सहित कुछ इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

इधर, बेमौसम बारिश ने प्रदेश के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बेमेतरा सहित बस्तर, रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, धमतरी और कबीरधाम के कई इलाकों में धान की फसल प्रभावित हुई है। खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद खुले में रखी धान भी बारिश में भीग गई है। इससे धान के दाने खराब होने, काले पड़ने और अंकुरित होने की आशंका है। मौसम की इस मार से किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!