
जशपुर : जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह चक्का ट्रक से 38 गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में झारखंड निवासी 29 वर्षीय मोजामिल अंसारी को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस से बचकर भागने के दौरान ट्रक से कूदने पर गंभीर रूप से घायल हुए गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को जशपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि झारखंड नंबर के छह चक्का ट्रक क्रमांक JH-02-L-0355 में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। ट्रक के चरईडांड़ से लोरो घाट होते हुए जशपुर की ओर आने की जानकारी मिली थी।सूचना पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सक्रिय हुई। थाना लोदाम और थाना दुलदुला की टीम ने ग्राम खटंगा के पास नाकाबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन की गति बढ़ाकर निकल गया।इसके बाद थाना सिटी कोतवाली जशपुर की टीम को भी सूचना दी गई। तीनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम काईकछार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर ट्रक में सवार लोग वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने मोजामिल अंसारी को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
ट्रक से कूदने के दौरान घायल हुआ आरोपी, अस्पताल में मौत
पुलिस के मुताबिक, ट्रक के आगे एक कार में सवार कुछ लोग चल रहे थे, जो कथित तौर पर रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी ट्रक में सवार लोगों तक पहुंचा रहे थे। पुलिस की घेराबंदी के दौरान गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू ट्रक से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस टीम ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृत्यु के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है। घटनाक्रम, मृत्यु की परिस्थितियों और इसमें शामिल व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पृथक से अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोजामिल अंसारी ने पूछताछ में बताया कि ग्राम मोरगा, जिला कोरबा में गुलाम अंसारी, निवासी साईं टांगरटोली, के कहने पर उसने गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू के साथ ट्रक में गौवंश लोड किए थे। आरोपी के कथन के अनुसार, पशुओं को झारखंड के सिसई की ओर ले जाया जा रहा था।पुलिस का दावा है कि गौवंश को रस्सियों से बांधकर ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था और उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था नहीं थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि ट्रक के आगे चल रही कार में सवार लोग रास्ते में पुलिस की जांच की जानकारी फोन के माध्यम से देने वाले थे।आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि गौवंश को लाने-ले जाने के बदले उसे 3,000 रुपये देने की बात कही गई थी। पुलिस अब पशुओं के स्वामित्व, कथित तस्करी के उद्देश्य, आर्थिक लेन-देन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
38 गौवंश और ट्रक जब्त
संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान ट्रक से कुल 38 गौवंश (गाय-बैल)बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल छह चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, वाहन के वैध दस्तावेज मौके पर नहीं मिले। ट्रक के पंजीयन और स्वामित्व से संबंधित विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) एवं 11(1)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है।गिरफ्तार आरोपी मोजामिल अंसारी (29 वर्ष), निवासी ग्राम उगारा सड़क टोली, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर मामले में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



















