
इंजेक्शन या सुई लगवाने के नाम से ही कई लोग घबराने लगते है. खासकर छोटे बच्चों को इंजेक्शन का डर इतना सताता है कि वे रोने लगते है या इससे बचने की कोशिश करते है. हालांकि, एक आसान तरीका इस डर और दर्द को कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकता है. स्विट्जरलैंड के यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख में हुई एक रिसर्च के अनुसार, इंजेक्शन लगवाते समय अपना पसंदीदा गाना सुनने से दर्द का एहसास कम हो सकता है.
रिसर्च में क्या सामने आया?
‘फ्रंटियर्स इन पेन रिसर्च’ जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन में 204 ऐसे मरीजों को शामिल किया गया, जिन्हें MRI जांच से पहले नस में कैनुला लगवाना था. शोधकर्ताओं का उद्देश्य यह समझना था कि अलग-अलग तरह का संगीत सुनने से सुई लगाने के दौरान होने वाले दर्द पर क्या असर पड़ता है.
अध्ययन में मरीजों के पसंदीदा गानों को भी शामिल किया गया. इससे यह जानने में मदद मिली कि अपनी पसंद का संगीत सुनना दर्द के अनुभव को किस हद तक प्रभावित कर सकता है.
तीन चरणों में मापा गया दर्द
मरीजों के दर्द का आकलन करने के लिए शोधकर्ताओं ने उनसे तीन अलग-अलग समय पर सवाल पूछे. पहला आकलन सुई लगने के तुरंत बाद किया गया. इसके बाद 30 सेकंड और फिर दो मिनट बाद दर्द के अनुभव के बारे में जानकारी ली गई.
इन तीनों चरणों में मिले जवाबों की तुलना करके शोधकर्ताओं ने यह समझने की कोशिश की कि संगीत सुनने से दर्द के अनुभव में किस तरह का बदलाव आता है.
पसंदीदा गाना सुनने से कैसे मिल सकती है राहत?
रिसर्च के निष्कर्ष बताते है कि सुई या कैनुला लगाने जैसी प्रक्रिया के दौरान पसंदीदा संगीत सुनना दर्द के एहसास को कम करने में मददगार हो सकता है. अपनी पसंद का गाना सुनने से ध्यान दर्द से हटकर संगीत पर जा सकता है, जिससे प्रक्रिया का अनुभव कुछ हद तक सहज हो सकता है.
हालांकि, इसका यह मतलब नही है कि संगीत सुनने से हर व्यक्ति का दर्द पूरी तरह खत्म हो जाएगा. इसका असर व्यक्ति की पसंद और दर्द के अनुभव के अनुसार अलग-अलग हो सकता है.
क्या इंजेक्शन के दर्द का यह स्थायी समाधान है?
पसंदीदा गाना सुनना इंजेक्शन के दौरान घबराहट और दर्द के अनुभव को कम करने का एक आसान तरीका हो सकता है. खासकर उन बच्चों और बड़ों के लिए यह उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें सुई लगवाने से डर लगता है.
फिर भी, संगीत को दर्द का इलाज या चिकित्सकीय विकल्प नही माना जाना चाहिए. यह केवल एक सहायक तरीका है, जो कुछ लोगों को इंजेक्शन लगवाते समय अधिक सहज महसूस कराने में मदद कर सकता है.




















