रायगढ़:  जिले के तिलगा जंगल में जंगली सुअर का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिकार के बाद आरोपी मांस को काटकर तौलने और बेचने की तैयारी कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 30 किलो मांस, दो कुल्हाड़ी और एक तराजू जब्त किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, तिलगा निवासी दिनबंधु राठिया, बालाराम राठिया और बादपाली निवासी सरमू राठिया पर मिलकर तिलगा जंगल में जंगली सुअर का शिकार करने का आरोप है। बताया गया कि शनिवार सुबह तीनों सुअर को दिनबंधु राठिया के घर लेकर पहुंचे थे। वहां मांस काटकर उसे तौलने और बिक्री की तैयारी की जा रही थी।इसी दौरान वन विभाग की उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही उड़नदस्ता टीम के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो, बोइरदादर परिसर रक्षक भूषण जांगड़े सहित अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मांस काटते और तौलते हुए पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने करीब 30 किलो मांस, दो कुल्हाड़ी और एक तराजू जब्त किया। जब्त सामग्री को रेंज कार्यालय लाया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!