
सूरजपुर: एक शब्द प्रतिदिन, ज्ञान का वृक्ष जीवनभर की भावना के साथ जिले की प्राथमिक शालाओं में संचालित शैक्षणिक नवाचार शब्दबीज को जिला प्रशासन ने एक नई दिशा और व्यापक स्वरूप दिया है। कलेक्टर रेना जमील की प्रेरणा से अब इस नवाचार के अंतर्गत एक शब्द प्रतिदिन के साथ एक जिला - एक शब्द की पहल भी शुरू की गई है। इस पहल के तहत जिले की कक्षा पहली से पाँचवीं तक के लगभग 49 हजार बच्चों ने एक साथ सप्ताह का साझा शब्द सतर्क सीखा।
यह केवल एक नया शब्द सिखाने की गतिविधि नहीं, बल्कि बच्चों में सामूहिक सीखने की भावना विकसित करने का प्रयास है। जिसके अंतर्गत मैं अकेला नहीं सीख रहा, मेरा पूरा जिला मेरे साथ सीख रहा है। जब जिले के अलग-अलग क्षेत्रों, गाँवों और विद्यालयों के बच्चे एक ही दिन एक साझा शब्द सीखते हैं, तो उनके बीच सीखने की एक साझा पहचान बनती है। शब्दबीज नवाचार के अंतर्गत बच्चे प्रतिदिन नए शब्द सीखते हैं। अब जिला प्रशासन की नई पहल इस व्यक्तिगत सीख को सामूहिक अनुभव से जोड़ रही है। एक शब्द प्रतिदिन जहाँ प्रत्येक बच्चे की शब्द-संपदा बढ़ाने पर केंद्रित है, वहीं एक जिला - एक शब्द पूरे जिले के बच्चों को एक साझा शैक्षणिक गतिविधि से जोड़ता है।इससे एक ओर बच्चों को अतिरिक्त शब्द सीखने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर उनमें यह अनुभूति विकसित होगी कि वे जिले के हजारों बच्चों के साथ एक ही शैक्षणिक यात्रा का हिस्सा हैं। विद्यालयों में शिक्षक साझा शब्द के अर्थ, उच्चारण, वाक्य-प्रयोग और दैनिक जीवन में उसके उपयोग से संबंधित गतिविधियाँ करा सकेंगे।




















