
मध्य प्रदेश: जबलपुर में एक सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई। खजरी-खिरिया बायपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने टमाटर से भरे पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया और उसमें लदे कई क्विंटल टमाटर बिखर गए। हैरानी की बात यह रही कि सड़क पर गिरे टमाटर समेटने के लिए लोग जुट गए, लेकिन घायल चालक की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को अस्पताल पहुंचाया।
छिंदवाड़ा से कटनी जा रहा था टमाटर से भरा पिकअप
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन क्रमांक MP 28 ZC 6790 टमाटर लेकर छिंदवाड़ा से कटनी की ओर जा रहा था। शुक्रवार सुबह खजरी-खिरिया बायपास के पास एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बीच सड़क पर पलट गया और उसमें रखे टमाटर चारों तरफ फैल गए।हादसे के बाद सड़क पर टमाटर बिखरने से फिसलन की स्थिति भी बन गई। इससे वहां से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
घायल चालक को छोड़ टमाटर समेटने लगे लोग
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायल चालक की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे टमाटर समेटना शुरू कर दिया। कई लोग टमाटर लेकर वहां से जाते दिखाई दिए। इस दौरान घायल पिकअप चालक को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया।घटना की सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
क्रेन की मदद से हटाया गया क्षतिग्रस्त वाहन
हादसे के कारण बायपास पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क किनारे हटवाया। वहीं, टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।




















