Homemade Golgappa Chaat Recipe:  गोलगप्पे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आने लगता है। खस्ता पूरी, मसालेदार आलू-चना और खट्टे-तीखे पानी का मेल इस स्ट्रीट फूड को खास बनाता है। हालांकि, घर पर गोलगप्पे बनाते समय अक्सर पूरी नरम पड़ जाती है या पानी में बाजार जैसा चटपटा स्वाद नहीं आ पाता। लेकिन कुछ आसान टिप्स और सही तैयारी के साथ आप घर पर भी ठेले जैसे स्वादिष्ट गोलगप्पे बना सकते हैं।

कुरकुरे गोलगप्पे बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

गोलगप्पा चाट का असली मजा उसकी कुरकुरी पूरी में है। इसके लिए पूरी, स्टफिंग और पानी को अलग-अलग तैयार करना जरूरी है।बाजार की पूरी को दोबारा कुरकुरा करें: अगर आप तैयार गोलगप्पे खरीदकर लाए हैं, तो उन्हें इस्तेमाल करने से पहले 110 से 120 डिग्री तापमान पर ओवन में हल्का गर्म कर सकते हैं। इससे उनकी कुरकुराहट लौटाने में मदद मिलेगी। गर्म करने के बाद पूरी को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में रखें।

  • घर पर बनाएं खस्ता पूरी: गोलगप्पे का आटा गूंथते समय उसे सख्त रखें। सूजी में थोड़ा मैदा और चुटकी भर नमक मिलाकर आटा तैयार करें। इसे करीब 20 मिनट तक ढककर रखें, फिर पतली पूरियां बेलकर तेज गर्म तेल में तलें।

सूखी और चटपटी आलू-चना स्टफिंग तैयार करें

गोलगप्पों का स्वाद उनकी स्टफिंग से भी बढ़ता है। इसके लिए उबले आलू, काले चने, बारीक कटा हरा धनिया और हरी मिर्च की जरूरत होगी।मसालों में भुना जीरा पाउडर, नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और अमचूर पाउडर मिलाएं। सबसे पहले आलू और चने को अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद सभी मसाले और हरी मिर्च डालकर मिश्रण तैयार कर लें। ध्यान रखें कि स्टफिंग बहुत ज्यादा गीली न हो, ताकि गोलगप्पे लंबे समय तक कुरकुरे बने रहें।

खट्टा-तीखा पानी बनाने का आसान तरीका

गोलगप्पों का पानी जितना ताजा और चटपटा होगा, स्वाद उतना ही शानदार लगेगा। इसे बनाने के लिए हरा धनिया, पुदीने की पत्तियां, अदरक, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, साधारण नमक, इमली का गूदा, नींबू का रस, ठंडा पानी और हरी मिर्च लें। स्वाद को संतुलित करने के लिए थोड़ा गुड़ या चीनी भी मिला सकते हैं।धनिया, पुदीना, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर पेस्ट बना लें। अब इसमें बाकी सामग्री और ठंडा पानी मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह घोलें और स्वाद चखकर नमक, खटास और तीखापन अपने हिसाब से समायोजित कर लें।

इस तरह तैयार करें बाजार जैसी गोलगप्पा चाट

जब पूरी, स्टफिंग और पानी तैयार हो जाएं, तो गोलगप्पे परोसना बेहद आसान है।

  1. सबसे पहले कुरकुरी पूरियों को एक प्लेट में रखें।
  2. हर पूरी में हल्का छेद करके आलू-चना स्टफिंग भरें।
  3. ज्यादा खट्टा स्वाद पसंद है, तो ऊपर से थोड़ा नींबू का रस निचोड़ें।
  4. अब गोलगप्पों में ठंडा, चटपटा पानी डालें।
  5. आखिर में बारीक कटा प्याज, टमाटर, चने और हरा धनिया डालें। चाहें तो ऊपर से सेव भी छिड़क सकते हैं।

गोलगप्पों को कुरकुरा रखने का खास तरीका

गोलगप्पों में स्टफिंग और पानी डालने के बाद उन्हें तुरंत खाएं। पहले से पानी भरकर रखने पर पूरियां नरम हो सकती हैं। इसलिए बेहतर स्वाद के लिए पूरी, स्टफिंग और पानी को अलग रखें और परोसते समय ही गोलगप्पे तैयार करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!