
पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव मैदान में कुल 150 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आठ निर्वाचन क्षेत्रों में 5.32 लाख से अधिक मतदाता
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आठों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5,32,847 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 4,92,594 मतदाता शामिल हैं। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 1,43,988 मतदाता हैं। इसके अलावा कोसी में 1,34,072, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता मतदान करेंगे।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 40,253 मतदाता
चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 11,719, सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता शामिल हैं।जिन आठ सीटों पर मतदान होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
भाजपा और जदयू चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) इन चुनावों में चार-चार सीटों पर मैदान में हैं। भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, तिरहुत स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
सभी आठ सीटों पर जन सुराज के प्रत्याशी
जन सुराज पार्टी ने सभी आठ निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी ने पटना स्नातक से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार, तिरहुत शिक्षक से श्याम नंदन यादव और सारण शिक्षक से अफाक अहमद को टिकट दिया है। अफाक अहमद इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं।इसके अलावा पटना शिक्षक से दिव्य ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से मोहम्मद इम्तियाज नूरानी और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को प्रत्याशी बनाया गया है। राजद ने भी कई स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं।
कई सीटों पर मौजूदा प्रतिनिधियों के सामने चुनौती
मौजूदा विधान परिषद की स्थिति के अनुसार, पटना शिक्षक सीट पर भाजपा, सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय, तिरहुत शिक्षक सीट पर भाकपा और दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस का प्रतिनिधित्व है। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना सीट जदयू, दरभंगा और तिरहुत सीटें निर्दलीय तथा कोसी सीट भाजपा के पास है।इस चुनाव में राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। ऐसे में आठों सीटों पर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।
दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे अधिक 40 उम्मीदवार
उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे आगे है, जहां 40 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, पटना शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 18-18 उम्मीदवार मैदान में हैं।अब सभी की निगाहें मतदान पर टिकी हैं। मतदान के बाद 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना से आठों सीटों के चुनाव परिणाम स्पष्ट होंगे।




















