
छत्तीसगढ़ : बलौदाबाजार जिले में अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, 91 हजार 100 रुपये नकद और गांजा पैक करने में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक रैपर बरामद किए हैं। तस्करी का सामान घर की रसोई में छिपाकर रखा गया था, जबकि कुछ गांजा कार की डिग्गी में मिला। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 96 हजार 100 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घर और कार में तलाशी
सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खोरसीनाला निवासी आकाश कुरें (20) अपने घर और स्विफ्ट कार में गांजा छिपाकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी और घर के साथ वहां खड़ी कार की भी तलाशी ली।तलाशी के दौरान घर की रसोई में छज्जे के ऊपर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। इसके बाद कार क्रमांक CG 22 AC 0325 की डिग्गी की जांच की गई, जहां से भी मादक पदार्थ मिला।
15 किलो से अधिक गांजा और नकदी जब्त
पुलिस के मुताबिक, दोनों स्थानों से बरामद गांजे का कुल वजन 15 किलो 500 ग्राम निकला। मौके से 91 हजार 100 रुपये नकद और प्लास्टिक रैपर भी जब्त किए गए। पुलिस को आशंका है कि नकदी गांजे की बिक्री से प्राप्त हुई थी।जब्त गांजे, नकदी और अन्य सामग्री की कुल कीमत 3,96,100 रुपये बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पूछताछ में सामने आया कथित सप्लायर का नाम
आकाश कुरें से पूछताछ के दौरान पुलिस को गांजे की आपूर्ति से जुड़ी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, आकाश ने बताया कि गनियारी-भानपुर निवासी भूषण कुमार यादव (29) उसे गांजा उपलब्ध कराता था।इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने भूषण की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसके गिरौदपुरी क्षेत्र में होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में भूषण ने आकाश को गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में की गई। पुलिस अब गांजे के स्रोत, उसकी खरीद-बिक्री और इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात भी कही गई है।




















