मुंबई : जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा से हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से दिल्ली जाने की कोशिश कर रहे थे। उनकी योजना दिल्ली से नेपाल भागने की थी। पकड़े गए लोगों में एक रैपिडो राइडर, एक मजदूर और एक नाबालिग शामिल हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात में किसकी क्या भूमिका थी और हमले के पीछे किसका हाथ है।

गोलीबारी के लिए मिले थे 50 हजार रुपये

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कथित तौर पर तीनों संदिग्धों को हमले को अंजाम देने के लिए कुल 50 हजार रुपये अग्रिम राशि के तौर पर दिए गए थे। जांचकर्ता उनसे पूछताछ कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोलीबारी में तीनों सीधे तौर पर शामिल थे या उनकी भूमिकाएं अलग-अलग थीं।कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलीबारी के मामले में शामिल तीन मुख्य संदिग्ध ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम को तुरंत सक्रिय किया गया।

कोटा रेलवे स्टेशन पर 15 मिनट में घेराबंदी

तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, पुलिस ने स्टेशन के प्रवेश और निकास मार्गों, प्लेटफॉर्म समेत अन्य स्थानों पर निगरानी बढ़ाई। सूचना मिलने के बाद टीम ने करीब 15 मिनट के भीतर ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। ऋतिक के मुंबई में रहने की जानकारी भी सामने आई है। कोटा पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई के लिए तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा।

रैपिडो राइडर और मजदूर भी संदिग्धों में शामिल

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि संदिग्धों में से एक रैपिडो राइडर है, जबकि रेहान सोनीपत में मजदूरी करता था। तीसरे संदिग्ध की पहचान नाबालिग के रूप में बताई गई है।पुलिस के अनुसार, तीनों पहले दिल्ली पहुंचना चाहते थे और फिर वहां से नेपाल जाने की योजना बना रहे थे। मामले की जांच जारी है और पुलिस उनकी भूमिका, संपर्कों तथा कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

फुटबॉल क्लब से निकलते समय हुई थी फायरिंग

घटना रविवार रात मुंबई के जुहू इलाके में हुई। खबरों के मुताबिक, 36 वर्षीय टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकलने के दौरान अपनी कार की अगली सीट पर बैठे थे। वह बंद शीशों के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन कर रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं।सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति कार के सामने की ओर से हथियार चलाता दिखाई देता है। वहीं, दूसरा हमलावर कार के किनारे से फायरिंग करता नजर आता है। बताया गया कि तीसरा साथी बाइक लेकर पास में मौजूद था, जिस पर सवार होकर आरोपी घटनास्थल से भाग निकले।

बाइक छोड़कर लोकल ट्रेन से निकले आरोपी

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद हमलावरों ने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट स्टेशन के पास छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन पकड़ी। आगे वे किस तरह दूसरी ट्रेन तक पहुंचे और उनकी यात्रा का पूरा रास्ता क्या था, इसकी जांच की जा रही है।

टाइगर श्रॉफ सुरक्षित, ड्राइवर और ऑटो चालक घायल

गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ के बाल-बाल बचने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कांच के टुकड़ों और बारूद के कारण उनके बाएं हाथ पर मामूली चोट आई। घटना में उनके ड्राइवर और पास में मौजूद एक ऑटो-रिक्शा चालक के घायल होने की भी खबर है।वारदात के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुंबई में गैंगवार या इस तरह की हिंसक घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हमले के पीछे की वजह और अन्य संभावित संलिप्त लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!