
जशपुर: जशपुर जिले में गौवंश वध के मामले में कांसाबेल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम सागीभावना के गिरजाटोली क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, गौवंश के सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ समेत अन्य अवशेष बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को 18 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत अंजाम दिया। मामले में थाना कांसाबेल में अपराध क्रमांक 179/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सागीभावना निवासी जकरियस तिग्गा अपने साथियों के साथ फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे एनोस के खेत के पास गौवंश का वध कर मांस काट रहा है। सूचना मिलने के बाद कांसाबेल पुलिस की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर जकरियस तिग्गा मिला। घटनास्थल की जांच में गौवंश के वध और मांस काटे जाने से संबंधित साक्ष्य मिले। पुलिस ने मौके से लगभग 50 किलोग्राम मांस, एक लोहे का गड़ासा, प्लास्टिक का थैला, गौवंश के सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ और मांस काटने में इस्तेमाल लकड़ी का गुटका बरामद किया।पुलिस के मुताबिक, जकरियस तिग्गा से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद 18 अक्टूबर को मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी ग्राम सागीभावना, थाना कांसाबेल क्षेत्र के निवासी हैं।पुलिस ने बताया कि मामले में पशु चिकित्सक से मांस और बरामद अवशेषों का आवश्यक परीक्षण कराया गया। इसके बाद नियमानुसार अवशेषों को दफन कर पंचनामा तैयार किया गया। बरामद सामग्री को प्रकरण में साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
ये पांच आरोपी हुए गिरफ्तार
1. जकरियस तिग्गा (43 वर्ष)
2. मसीह दास उर्फ ईशु दास (40 वर्ष)
3. धीरज तिग्गा (36 वर्ष)
4. पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज (26 वर्ष)
5. उदय कुमार मिंज (52 वर्ष)
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कांसाबेल क्षेत्र में 50 किलोग्राम गौमांस के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव तथा आरक्षक शरतचंद्र बेहरा, विनोद यादव, कमल शांति और मरियानुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















