
सूरजपुर: अम्बिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तारा चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। साल्ही-जनार्दनपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तारा से उदयपुर घाट बर्रा की ओर जा रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से तारा से उदयपुर घाट बर्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अम्बिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर साल्ही-जनार्दनपुर मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की फरार वाहन चालक की तलाश
हादसे की सूचना मिलते ही तारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रेमनगर भेज दिया।पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फरार वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हादसे के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।




















