जशपुर:  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बच्चे की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक मां पर अपने करीब 10 माह के बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेचने का आरोप है। मामले की जांच करते हुए कुनकुरी पुलिस ने पश्चिम बंगाल से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे की मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जशपुर पुलिस की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले में थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(4), 61(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को कुनकुरी की ब्लॉक कॉलोनी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र शंकर चौहान को पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मार्च 2026 में बच्चे को बेच दिया गया।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।

पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस की जांच

विवेचना के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन (52 वर्ष) तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई।इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर पश्चिम बंगाल भेजी गई। पुलिस के मुताबिक, शेख अलविन ने पूछताछ में बताया कि उसने मार्च 2026 में यशोदा यादव के बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था और अपनी बेटी को दे दिया था।पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद किया। बरामदगी पंचनामा तैयार कर बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। बरामद बच्चे की उम्र लगभग 9 से 10 माह बताई गई है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में यशोदा यादव, सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की और फूलकुंवारी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

### पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा और आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!