Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार, 14 अक्टूबर को योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500-1,500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके साथ ही पात्र लाड़ली बहनों को रसोई गैस सिलेंडर के लिए 450 रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। यह राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।

लाड़ली बहनों को मिलेंगे 1500 रुपये, गैस सिलेंडर के लिए भी सहायता

लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मिलेंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी उपभोक्ताओं और गैर-उज्ज्वला श्रेणी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पंजीकृत पात्र महिलाओं को 450 रुपये की सहायता राशि देने का भी कार्यक्रम है।इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ रसोई गैस पर होने वाले खर्च में राहत देना है। लाभार्थियों को राशि उनके बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी।

उमरिया में 144 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री मोहन यादव उमरिया जिले के गुरुवाही में आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान कुल 14,415.93 लाख रुपये की लागत वाले 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।इनमें 8,731.55 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और 5,684.41 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं से बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

बांधवगढ़ और मानपुर में किन कार्यों पर खर्च होगी राशि?

बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,906.99 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा 3,225.22 लाख रुपये की लागत वाले 46 कार्यों का भूमिपूजन होगा।वहीं, मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,824.56 लाख रुपये की लागत के 50 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इस क्षेत्र में 2,459.16 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।

अब तक जारी हो चुकी हैं योजना की 40 किस्तें

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 40 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 13 सितंबर 2026 को आगर मालवा जिले से 40वीं किस्त जारी की थी।उस दौरान 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। अब 41वीं किस्त के जरिए एक बार फिर पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!